‘द केरल स्टोरी’ और ‘1920’ जैसी फिल्मों से अपनी अलग पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अदा शर्मा अब मराठी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने जा रही हैं। उनकी पहली मराठी फिल्म ‘गजरा’ का आधिकारिक एलान हो चुका है। फिल्म की पहली झलक सामने आते ही इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
अदा शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए अपनी खुशी जाहिर की और बताया कि ‘गजरा’ उनके करियर की पहली मराठी फिल्म होगी। अभिनेत्री ने अपने सफर को याद करते हुए कहा कि उन्हें अब तक दर्शकों से जो प्यार मिला है, वही समर्थन वह अपनी नई शुरुआत के लिए भी चाहती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाएगी।
‘गजरा’ का पोस्टर काफी रहस्यमयी और गंभीर नजर आ रहा है। इसकी झलक से अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म एक चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक कहानी पेश करेगी। बताया जा रहा है कि यह फिल्म सच्ची घटना से प्रेरित है, जिसमें अदा शर्मा एक दमदार भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन श्रेयस जाधव कर रहे हैं, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी अमोल बोरकर संभाल रहे हैं।
गणराज स्टूडियोज की प्रस्तुति और जिग जैग प्रोडक्शन्स की पहली फिल्म ‘गजरा’ साल 2027 में रिलीज होगी। फिल्म के संगीत की कमान देवदत्त मनीषा बाजी के हाथों में है, जो मराठी संगीत जगत में अपने लोक और पारंपरिक संगीत के लिए जाने जाते हैं। अदा शर्मा का यह नया सफर उनके फैंस के लिए एक अलग अनुभव लेकर आने वाला है।